Thursday, October 15, 2020

मरहूम मुनीर बख्श आलम साहिब पर केन्द्रित


असुविधा का यह अंक बहुचर्चित रचनाकार श्री मुनीर बख्श आलम की गजलों पर केंद्रित है। इस संग्रह के प्रकाशन के कुछ समय पहले असुविधा ने नजर मोहम्मद नजर पर  केंद्रित गजल संग्रह का प्रकाशन किया था जिसे पूरे हिंदी जगत में सराहा गया था। असुविधा के चहेते साहित्य अनुरागीयों ने मुझे सुझाया भी था की लघु पत्रिकाओं को चाहिए कि वे एक ही रचनाकार को 1 अंक में प्रकाशित करें चाहे कविताएं गजलें या कहानियां कुछ भी हो पर उस रचनाकार को समग्रता में प्रकाशित करें। जिससे रचनाकार की रचना धर्मिता पूरी तरह प्रकाश में आए 
असुविधा लगातार अपने मित्रों के सुझावों का अनुगमन कर रही है। यहां यह बताना आवश्यक होगा कि असुविधा ने अब तक किया क्या? हम इतना ही जानते हैं हम जितना बेहतर कर व सोच सकते हैं उतना कर रहे हैं और लगातार 31 सालों से अक्षरों से लड़ रहे हैं हमें तो पता ही नहीं कि लडने से मिलता क्या है लड़ना है तो लड़ना है। लड़ना खुद ही हासिल है और एक तरह से खेती किसानी भी है जो मन को हिलोर देती है और यही हिलोर असुविधा की पूंजी है। श्री आलम साहब के ग़ज़ल संग्रह को प्रकाशित करने का मुझे अवसर मिला मेरे लिए बहुत ही शुभ है , शुभ इसलिए कि यह मेरे  लिए बहुत बड़े भार  से मुक्त होने का अवसर भी है ।
 मैं महसूस कर रहा हूं कि मैं काफी हल्का हो चुका हूं पहले काफी दबा हुआ महसूस करता था। लगातार सोचता था काश! मै आलम साहेब के किसी किताब का प्रकाशक का हो पता ,अचानक यह अवसर मिल ही गया।
सोनभद्र के बाहर के लोगों को नहीं मालूम कि आलम साहब का सहयोग नहीं मिला होता तो शायद मेरा पहला उपन्यास सहपुरवा प्रकाशित नहीं हो पाता संयोग तो यह भी था कि मैं अक्षर बटोर भी ना बन पाता है और कचहरी में जाकर मुकदमों की बदरंग दुनिया में कहीं खो जाता जहां मुझे अपने व्यक्ति गत संप्रभुता को भी किसी अदालत में अगली सुनवाई हेतु गिरवी रख देना पड़ता। लोग तो मुझसे मिलना चाहते पर उस कचहरी की  दुनिया में शायद मुझे तलाश नहीं पाते क्योंकि वहां जाकर हर कोई खुद खो जाता है और किसी खोई हुई फाइल माफिक हो जाता है। मैं यह नहीं कहता कि कचहरी की दुनिया से नफरत करने की जरूरत है ऐसा मैं कभी नहीं सकता क्योंकि मैं गांधी नहीं हूं ।उनके जैसा हो भी नहीं सकता और यह समय भी उन्नीस सौ आठ हिंद स्वराज वाला नहीं है। हिंद स्वराज में गांधी जैसा लिखे हैं वैसा वे ही लिख सकते हैं और बता सकते थे यह जो बुद्धि है कितने प्रकार के खेलों को खेला करती है और बात बात पर तुतुर मुतुर किया करती है वह ताकत के साथ सामाजिक बिद्रूपों से टकराती है बिना परवाह किए की टकराने की कलाएं भी होती हैं जिन्हें सीखना पड़ता है आश्रमों में या बौद्धिक केंद्रों में। आलम साहब की सरलता ही उनकी गजलों की ताकत है। इसे नहीं पता कि सरलता  ही गजलों की ताकत  होती है और यही आदमी को आदमी भी बनाती है। सहजता व सरलता को गढ़ना नहीं पड़ता गढ़ना पड़ता है जटिलता तथा और असहजता को। जो सरल है वही सरल है कहीं भी किसी रूप में ढलकर आकार लेने वाला । वैसे भी आलम साहब मील के पत्थर वाले मुहावरे से खुद को अलगियाकर चलने वाले हैं । इस बात के शौकीन भी नहीं कि वे कहीं अपने नाम का खूंटा गाड़े और अवाम को ललकारे आओ दम हो तो उखाड़ो। वे खूंटा नहीं है वे दीवार की वह खूंटी है जिस पर आप अपना बहुत कुछ टांग सकते हैं और यकीन कर सकते हैं आपका विश्वास भी उस पर आराम से टगकर सस्ता रहा है, कहीं खोया नहीं है ।आप जानते हैं की जैसे हर दीवार में खिड़की जरूरी है वैसे ही खूंटी  भी जरूरी है ।
मैं बता नहीं सकता कि आलम साहब की गजलों को प्रकाशित करके मैं कितना मस्त हूं । एक त्रस्त्त आदमी और मस्त दोनों है ना एक दूसरे के विरोधी फिर भी मस्त हूं इसलिए कि जाने कितने वर्षों से मैं अपनों से अग्रेजों से निवेदन कर रहा हूं कि आप अपना बेहतर हमें प्रकाशन के लिए दें और समय को अपनी रचना से सजाएं पर सुनता कौन है ? खास तौर से यहां मैं भाई  अजय शेखर जी कहना चाहूंगा कि वे समय के साथ अपनी रचना धर्मीता प्रकाश में लाने का प्रयास नहीं कर पा रहे हैं और जीवन जीने के तरीकों में जाने किन तरीकों को अपना  प्रेय बना लिए हैं । मेरे लिए तो वह श्रेय होता है जब उनकी आज के समय से टकराने वाली रचनाएं प्रकाश में आती। मैं यह नहीं कहता कि वे मुझे ही अपना सर्वोत्तम प्रकाशन के लिए दें ,कहीं और से भी छपवा लेते तब भी ठीक था पर ऐसा नहीं हो रहा।
 मैं आलम साहब का मुरीद हूं कि वे रिटायर होने के बाद भी बहुत सक्रिय हैं कभी-कभी तो मुझे उन से जलन होती है और गुस्सा भी आता है की अगर इस आदमी ने आज की जैसी सक्रियता कुछ पहले दिखाया होता तो आज सोनभद्र का नाम बहुत बड़ा होता और हम भी गर्व से कहते कि हमारे पास एक आलम है , वैसे कहते तो हम आज भी हैं पर वह बात कुछ अलग होतीl  मैं कह सकता हूं और मुझे कहना भी चाहिए कि मैं आलम साहब को हमेशा कुरेदता रहा हूं कि वे कुछ करें ,मुझे खुशी है कि वे बहुत कुछ कर रहे हैं । उनकी कई किताबें आज आज प्रकाशन के लिए तैयार हैं जिन्हें देर सबेर प्रकाशित हो ही  जाना है । मैंने उन्हें आश्वासन भी दिया हुआ है कि मैं उनकी  किताबों के प्रकाशन के लिए जितना कर सकता हूं उतना करूंगा और मुझे करना भी है। 
आलम साहब की बेचैनियों को मैं महसूस कर सकता हूं वेआज उम्र के उतार पर हैं अक्सर अस्वस्थ रहते हैं पर विचारों के चढ़ाव पर है।  उनके भीतर छिपी हुई सृजन की असीम ऊर्जा को उन से सरोकार रखने वाला कोई भी देख व महसूस सकता है मैंने तो महसूस किया है की जरूरत पड़ने पर वे रात भर
 जाग करअक्षरों से लड़ सकते हैं फिर भी थकान नहीं। उन्हें कोई बाधा नहीं रोक सकती ।
आलम साहिब की गजलों के बारे में मैं कुछ नहीं कहना चाहता हूं इसलिए कि लोग कहें और बताएं कि उनकी गजलों ने उन्हें प्रभावित किया कि नहीं? मेरा मानना है कि कविताएं हो या गजलें वे साफ-साफ बोलती हैं और मन की बातों को खोलती है। सामाजिक विद्रूपताओं के जालों को काटने की कोशिश करती हैं और ललकार कर हर जटिलताओं के विरोध में खड़ी हो जाती हैं। यही प्रतिरोध समय की चाल को नियंत्रित ही नहीं अनुशासित करने का काम भी करता है। सभी जानते हैं कि प्रतिरोध जब जन प्रतिरोध बन जाते हैं तब वे एक तरह से सामाजिक अनुरोध का विनम्र रूप धर लेते  हैं।आलम साहेब भी प्रतिरोध की विनम्रता के साथ आज के कठिन और जटिल समय को खोलते  व तोलते हुए अपनी गजलों में उपस्थित हैं जो एक उपलब्धि है वह प्रतिरोध मैं आलम साहब की गजलों में देख रहा हूं इतना ही नहीं बात कहने की विनम्रता  तथा एक कदम आगे चलने की प्रवृत्ति भी मैं उन गजलों  में देख रहा हूं अगर ऐसा नहीं होता तो शायद यह गजल संग्रह प्रकाश में नहीं आ पाता । एक कदम आगे चलने का सूत्र कभी भी पीछे देखू नहीं बनने देता वह हमेशा ललकारता रहता है कि आगे देखो ।
मैं आलम साहब के बारे में कह सकता हूं और मुझे कहना भी चाहिए कि वे पीछे देखू नहीं है वे आगे देखते हैं और एक कदम आगे चलने की तैयारी में मन से जुड़े रहते हैं दौड़ने कूदने और उछलने से अलग आलम साहेब की दुनिया है वे मानते हैं कि एक कदम आगे ही काफी है उसी में मेरा चरैवेति समाहित है दौडूंगा तो भाहरा कर गिर जाऊंगा सो वे संभल संभल कर चल रहे हैं । मेरी कामना है कि वे धरती पर पांव जमा कर ही चले क्योंकि दौड़ना और गिर जाना किसी के लिए भी ठीक नहीं होता।
लोक चेतना से जुड़ी आलम साहब की गजलें  हमारे समय में किसी चुनौती से कम नहीं ,एक ऐसे समय में जब लोग मुलायम बिस्तरों पर पसर कर समाज और राजनीति पर बहसें  कर रहे हैं और अपनी आत्ममुग्धताओं को पीठ पर लाद कर घूम रहे हैं आशा है आलम साहब की गजलें साहित्य में अपना स्थान पाएंगी।
रामनाथ शिवेंद्र दिसंबर 2011
नोट ----यह  संपादककीय आलम साहब की गजलों पर केंद्रित असुविधा के अंक  २०११से हैं।

एम. ए.खान की कहानियों पर केन्द्रित २०१३

 एम. ए.खान पर केंद्रित



असुविधा का जुलाई दिसंबर अंक 2013
संपादकीय का संक्षिप्त अंश-----
मरहूम एम. ए.खान सोनभद्र के बारे में क्या सोचते थे यहां के दलितों पीड़ितों के लिए क्या करना चाहते थे यह बात तो उनके साथ ही समाप्त हो गई पर उनकी सोच या विश्लेषण जो कई रिपोर्टों की शक्ल में आज भी उपलब्ध है उनसे साफ साफ पता चलता है कि सोनभद्र अभी भी डरावने अंधेरे में भटका हुआ है वे इसी अंधेरे को हटाना चाहते थे।
सोनभद्र के निवासी पुराने कॉमरेड,अच्छी  देह भु जा वाले एम ए खान साहब जिन की शिक्षा दीक्षा उर्दू तालीम में हुई थी पर वे अंग्रेजी व हिंदी भी जानते थे उनका दखल कविता और कहानी में था। वे एक्टिविस्ट होने के नाते साथ साथ साहित्यिक भी थे उनकी जुबान पर मीर गालिब हमेशा थिरकते रहते थे।  उनका जीवन जो कभी उनका था उस दौर में वे कामरेड थे सीपीआई वाले यानी जवानी के दिनों में उनका कामरेड होना उनकी अपनी प्रतिक्रिया थी एक ऐसा विरोध था जो उनका अपने और अपनों से था क्योंकि वे उच्च मध्यमवर्गीय संरचना वाले परिवार के थे वह उन्हें कुबूल न था। वे सामान्य थे औरअपनी  सामान्यता खोना भी नहीं चाहते थे ।
एम ए खान कुछ अलग किस्म के पेचीदा व्यक्तित्व वाले थे सो वे सरकार के उन कार्यक्रमों को अनावश्यक मानते थे जो दान प्रतिदान की आर्थिक गतिविधियों द्वारा चालित हुआ करते हैं उनका मानना था कि आर्थिक सहायता समस्या का समाधान नहीं बल्कि समस्या का प्रारंभ है ऐसी स्थिति में उत्पादन व कमाई के साधनों में समान अवसर प्रदान करने की रणनीत ही कारगर हो सकती है क्योंकि गरीबी का समाधान आसान नहीं काफी पेचीदा है। गरीबी का कारण है असंतुलित रूप से उत्पादन संबंधों की बहाली और उसके कानूनी मान्यता। एम ए खान द्वारा सोनभद्र के बारे में जुटाई गई सारी सामग्री हालांकि विशेष अध्ययन की मांग करती है फिर भी इतना साफ है कि खान साहब ने सोनभद्र को काफी नजदीक से देखने जांचने का काम किया था तथा पाया था कि यहां कम से कम आदिवासी क्षेत्रों में सघन अंधेरा है यहां इतिहास मर चुका है तथा विकास पूरी तरह घायल व चोटिल है।
 कभी डॉक्टर राम मनोहर लोहिया ने कहा था गरीबों में गरीबी की भूख तथा अमीरों में अमीरी lकी संतुष्ट पैदा हो जाए तो समाज का नक्शा ही बदल जाए। सोनभद्र को समझने के लिए खान साहब ने सामाजिक व आर्थिक रूप से संपन्न सामाजिक ताकतों की क्रूर निष्ठुर ताकतो को भी समझा था तथा यहां के कारखाना वालों को भी जो सीएसआर तक का सारा रुपया डकार जाते हैं । उनका मानना था कि यहां का समाज इतना अतीत जीबी है की वर्तमान के जीवित बोध व जीवन जीने के लिए वांछित हस्तक्षेपों तक को जानता ही नहीं , एक तरह से आत्मीयता का परम।
ए एम ए खान साहब अपने बारे में कहा करते थे मैं कोई साहित्यकार या लेखक नहीं हूं लेकिन आसपास के माहौल से मु त pस्सिर होना आदमी की फितरत में है मैं भी आदमी हूं क्या करता है जिंदगी के लंबे सफर के दौरान कभी दिल ने रोया कभी आंखें नम हुई जब कुछ न बन पड़ा तब कागज और कलम का सहारा लेकर मैंने अपने आप को समझने की कोशिश की है। लिखना मेरा पैसा नहीं शौक है ,लिखा ढेर सारा लिखा मगर बदकिस्मती यह कि कुछ बच्चों के हाथ लग गया और कुछ पुलिस उठा ले गई दोनों का हसर बराबर रहा बचा खुचा  आहऔर वाह की शक्ल मे समेटने की कोशिश किया है मैं अच्छी तरह जानता हूं जो मैंने लिखा है एक कंजूस माल की तरह सिर्फ मुझे ही सुकून दे सकता है उसे छापने वाला कभी कोई नहीं मिलेगा।मगर सनक  तो सनक  है। 
अपनी मृत्यु के 3 महीने पहले तक वे आदिवासियों के अधिकारों की जनतांत्रिक लड़ाई की अगुवाई कर रहे थे । वे अपने कार्यों का आधार क्षेत्र नक्सली क्षेत्र नगवा को बनाए हुए थे। वहां वे जन चौपाल के द्वारा मनरेगा में काम में वाजिब मजदूरी दिए जाने भूमि आवंटन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से खाद्यान्न वितरण सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सामाजिक सेवाओं के कार्यों की निगरानी जन चौपाल के माध्यम से किया करते थे तथा प्रशासनिक स्तर पर भी प्रयास करते थे कि अधिकारी उनके आधार क्षेत्र की तरफ ध्यान दें। वे नगवा  के करीब 10 गांव को अपने गांव सरीखा बना चुके थे ।वहां के लोगों के सुख-दुख में वह हरदम शामिल रहा करते थे उन गांवों में मुझे भी कई बार जाने का मौका मिला।
वे हमारे शहर के लिए अजनबीयत के शिकार भी थे एक तरह से उपेक्षित ठीक डॉक्टर अर्जुनदास केसरी की तरह फिर भी बहुत सारे लोग थे जो उन्हें प्यार करते थे मनोहर खांबे, श्याम नारायण लाल, डॉक्टर सिंगला, मुनीर बख्श आलम जैसे लोग उनसे काफी प्यार करते थे। अगर वे एक्टिविस्ट की भूमिका में ना  होते तो नामी कहानीकार होते।  तमाम लोगों की तरह वेभी समय को भजाने के कलाकार नहीं थे । इस मामले में वे सोनभद्र के आदिवासियों की तरह सरल व तरल थे उनकी यही सरलता और तरलता प्रतिरोध के लिए उन्हें कभी थाने ले जाती तो कभी कलेक्ट्री का घेराव करने के लिए उत्प्रेरित करती थी।
आशान्वित हूं की असुविधा के तमाम अंकों की तरह एम ए खान पर केंद्रित इस अंक को भी आपका पाठ्य सहयोग मिलेगा तथा प्रतिक्रिया भी धन्यवाद। रामनाथ शिवेंद्रद